13 फ़रवरी, 2011

बकअप छत्तीसगढ़, पूल में नंबर वन




chhattisgarh vs delhi, photo-dinesh yadu

रोमांचक और संघर्षपूर्ण मैच में दिल्ली को हराकर पूल में नंबर वन
बास्केटबाल का रोमांच किसे कहते हैं यह रविवार को खिताब की दावेदार दिल्ली और छत्तीसगढ़ की लड़कियों के बीच खेले गए अंतिम लीग मैच में देखने को मिला। दिल की धड़कनों को बढ़ा देने वाले इस मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने जो प्रदर्शन किया  उसकी सभी दर्शकों ने ताली बजाकर तारीफ की और मैच समाप्ति तक टीम का जज्बा बनाए रखा। छत्तीसगढ़ ने लीक के अंतिम मैच में दिल्ली को हराकर पूल में पहला स्थान हासिल कर लिया।
रायपुर। राजधानी का इनडोर स्टेडियम रविवार की शाम दर्शकों से खचाखच भरा था क्योंकि पूरे शहर को मालूम था कि लीग का अंतिम मुकाबला मेजबान छत्तीसगढ़ और दिल्ली के बीच होने वाला है। रेलवे के अलावा ये दोनों ही टीमें खिताब की प्रबल दावेदार हैं। 25वीं फेडरेशन कप राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के लीग के अंतिम मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दिल्ली के खिलाफ जो प्रदर्शन दिखाया वह सेमीफाइनल और फाइनल में भी बरकरार रहा तो मेजबान को खिताब से कोई नहीं रोक सकता। लीग का यह अंतिम मुकाबला काफी यादगार बन गया। दिल्ली के साथ संघर्षपूर्ण मुकाबला हुआ। 10 मिनट के पहले क्वार्टर में दिल्ली के खिलाड़ियों ने पूरी ताकत झोंक दी और नतीजा यह हुआ कि दिल्ली ने एकतरफा 25-9 अंक से बढ़त हासिल कर ली। दिल्ली की पहले ही क्वार्टर में एकतरफा 16 अंको की इस बढ़त ने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के होश उड़ा दिए थे। लेकिन दूसरे क्वार्टर में छत्तीसगढ़ ने जिस अंदाज में मैच में अपनी पकड़ बनाई उसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। दूसरे क्वार्टर में टीम के सभी खिलाड़ियों ने मैच में पकड़ बनाने पूरा जोर लगा दिया। टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों अंजु लकड़ा, अरुणा किंडो ने तीन-तीन अंक स्कोर करने शुरू कर दिए। दूसरे क्वार्टर के चार मिनट में ही मेजबान खिलाड़ियों ने 14 अंक कवर कर लिए। दूसरे क्वार्टर के समाप्त होने में जब दो मिनट शेष रह गए थे तब कप्तान अंजु लकड़ा ने एक बार फिर से तीन प्वांइट कवर किए। अंतिम 17 सेकंड शेष रहते छत्तीसगढ़ ने 36-35 से बढ़त बना ली। दूसरा क्वार्टर छत्तीसगढ़ की झोली में गया और  टीम ने 38-35 अंक के स्कोर के साथ तीन अंक की बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर में टीम ने और भी बेहतर खेल का प्रदर्शन दिखाया और दिल्ली के खिलाफ 38-35 अंक की बढ़त बना ली। चौथा क्वार्टर भी काफी शानदार रहा। छत्तीसगढ़ ने पूरे समय दिल्ली पर दबाव बनाए रखा और 86-65 से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ ने अपने पूल में टाप कर लिया। दूसरे स्थान पर दिल्ली की टीम रही। मैच हारने के बाद दिल्ली के खिलाड़ी निराशा में डूब गए। हालांकि दिल्ली ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस मैच में कप्तान अंजु लकड़ा ने सर्वाधिक 24 अंक, एम पुष्पा ने 20 अंक, भारती नेताम ने 19 अंक, अरुणा किंडो ने 14 अंक और सीमा सिंह ने 9 अंक बनाए। दूसरी तरफ दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रशांति सिंह ने सर्वाधिक 26 और आकांक्षा सिंह ने 13 अंक बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम के कोच और राज्य बास्केटबाल संघ के सचिव राजेश पटेल के मुताबिक छत्तीसगढ़ के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। मेजबान का सेमीफाइनल में केरल के साथ मुकाबला होगा और टीम से इस मुकाबले को जीतने की पूरी उम्मीद है। महिला वर्ग में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला दक्षिण  रेलवे और दिल्ली के साथ खेला जाएगा। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ यदि फाइनल में पहुंचती है तो मैच दिल्ली या फिर दक्षिण रेलवे के साथ होगा। दूसरी तरफ पुरुष वर्ग के पूल ए में इंडियन आर्मी और पश्चिम रेलवे ने पूल में क्रमश: पहला और दूसरा स्थान बना लिया है। सुबह नौ बजे दक्षिण रेलवे और केरल के बीच खेले गए महिला वर्ग के मैच में खिताब की दावेदार दक्षिण रेलवे ने केरल को 82-56 अंक से पराजित किया। यह मैच रेलवे ने आसानी से जीत लिया। रेलवे की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीथू अन्ना जोस ने इस मैच में भी सर्वाधिक 28 अंक बनाए। टीम के अन्य खिलाड़ियों अनिता पी ने 16 और रेंजेनी पीटर ने भी 16 अंक बनाए। वहीं केरल की एस जोसेफ ने 12 और एल मैथ्यू ने 10 अंक बनाए। दूसरा मैच पुरुष वर्ग में ओएनजीसी और विजया  बैंक के बीच खेला गया। एकतरफा रहे इस मैच में ओएनजीसी ने 34 अंकों के अंतर से जीत हासिल की। ओएनजीसी ने विजया बैंक को 74-40 अंक से पराजित किया। ओएनजीसी के त्रिदीप राय ने 22, एस सिधार ने 18 और रयिाजुद्दीन ने 17 अंक बनाए। विजया बैंक के अरविंद ने 10 अंक का योगदान दिया। महिला वर्ग में तीसरा मैच आंध्रप्रदेश और कर्नाटक के बीच खेला गया। एकतरफा रहे इस मैच में कर्नाटक ने 80-37 अंक से जीत हासिल कर ली। कर्नाटक की स्मिथा के ने 16, सविता एलएस ने 11, कृतक लक्ष्मण ने 14 अंक बनाए। आंध्र की कवंलजीत कौर ने सर्वाधिक 19 अंक बनाए।
maharashtra vs tamilnadu, photo-dinesh yadu
महाराष्ट्र की रोमांचक  जीत
25वीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता के महिला वर्ग में एक अन्य मुकाबला महाराष्ट्रऔर तमिलनाडु के बीच खेला गया। इस मैच में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया और 79-31 से जीत हासिल कर ली। महाराष्ट्र की मनीषा डांगे ने 15, सीरीन लिमये ने 14 और स्मृति ने 11 अंक बनाए। तमिलनाडु की अपूर्वा मुरलीनाथ ने 12 अंक का योगदान दिया। महाराष्ट्र ने इस प्रतियोगिता में   एकमात्र यही मैच जीता है।
छत्तीसगढ़ के लिए हैट्रिक चांस
chhattisgarh vs delhi, photo-dinesh yadu

दस साल में अब तक दो बार ही जीता है फेडरेशन कप का खिताब
 25वीं फेडरेशन कप नेशनल बास्केटबाल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की महिला टीम यदि फाइनल मुकाबला जीत जाती है तो यह उसकी तीसरा खिताब होगा। फेडरेशन कप में अब तक छत्तीसगढ़ की लड़कियां दो बार ही खिताब जीतने में सफल हो सकी हैं। यह तीसरा मौका है और मेजबान होने के नाते टीम पर दबाव भी बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ बास्केटबाल संघ के सचिव और अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश पटेल बताते हैं कि छत्तीसगढ़ ने 2006 में जमशेदपुर की 22वीं फेडरेश्न कप बास्केटबाल प्रतियोगिता में दिल्ली को हराकर खिताब जीता था। यह राज्य  निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ का फेडरेश्न कप में पहला पदक था। इसके अगले साल 2007 में एक बार फिर से छत्तीसगढ़ ने राउरकेला में 23वीं फेडरेश्न कप बास्केटबाल प्रतियोगिता का खिताब जीता। इस बार छत्तीसगढ़ ने खिताब की प्रबल दावेदार दक्षिण रेलवे को परास्त किया था। 2009 में 24वीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता का खिताब दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर की टीम ने जीता था। हालांकि टीम के सभी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के ही थे। यदि कुछ देर के लिए रेलवे को भूल जाएं तो संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ की 2009 में ही हैट्रिक पूरी हो गई थी। अधिकृत तौर पर हैट्रिक पूरी करने का मौका 25वीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता में मिला है। महिला वर्ग में फेडरेशन कप के सर्वाधिक खिताब रेलवे के पास हैं। पुरुष वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने पहली बार भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए हिस्सा लिया। लेकिन खिताब से बाहर हो गई। पुरुष वर्ग में पहले से ही उम्मीदें काफी कम थीं। लेकिन महिला वर्ग में खिताब की उम्मीदें बरकरार हैं। इसके पूर्व यदि फेडरेशन कप के इतिहास पर नजर डालें तो 1990 में पहली बार भिलाई इस्पात संयंत्र की महिला टीम ने केरल में खेली गई सातवीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था। टीम को ईस्टर्न रेलवे ने 71-60 अंकों से पाजित किया था। तब दक्षिण रेलवे ने स्वर्ण और एफएसीटी केरल ने रजत पदक हासिल किया था। राज्य निर्माण के बाद वर्ष 2002 में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने राजस्थान के भीलवाड़ा में खेली गई 19वीं फेडरेशन कप बास्केटाबाल प्रतियोगिता में उत्तरप्रदेश् को 59-46 अंकों से हराकर कांस्य पदक हासिल किया था। जबकि स्वर्ण पदक पर दक्षिण रेलवे और रजत पदक पर केरल ने कब्जा जमाया था। 2003 में महाराष्ट्र में खेली गई 20वीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम को दिल्ली से 61-60 अंकों से पराजय झेलकर चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा था। तब दक्षिण रेलवे विजेता और आंध्रप्रदेश की टीम उपविजेता थी। दिल्ली ने कांस्य हासिल किया था।  वर्ष 2005 में गुजरात के भावनगर में 21वीं फेडरेश्न कप प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने पंजाब को 49-23 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। इस बार भी दक्षिण रेलवे विजेता थी और दिल्ली ने उपविजेता का गौरव हासिल किया था। इसके बाद लगातार 22वीं और 23वीं फेडरेशन कप प्रतियोगिता का स्वर्ण छत्तीसगढ़ की झोली में गया। जबकि क्रमश: दिल्ली और दक्षिण  रेलवे ने रजत पदक हासिल किया था।
स्कूली बच्चों को दिखाएं मुकाबले

कम उम्र के खिलाड़ियों पर दें ज्याद ध्यान : चीफ नेशनल कोच
रायपुर। राजधानी के इनडोर स्टेडियम में खेली जा रही 25वीं फेडरेशन कप राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में  दर्शकों का टोटा बना हुआ है और इस बात का समर्थन भारतीय बास्केटबाल फेडरेशन के चीफ नेशनल कोच केके चंदसौरिया भी करते हैं। वे कहते हैं कि जब तक स्कूली बच्चों को मुकाबले नहीं दिखाएंगे नया बेस तैयार नहीं होगा। ज्यादा से ज्याद दर्शक बच्चे होने चाहिए जिससे वे इस खेल में रूचि ले सकें।
चीफ नेशनल कोच श्री चंदसौरिया के मुताबिक फेडरेशन सबजूनिर, जूनियर और युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा ध्यान दे रही है जिससे आने वाले समय में बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि ओवरआल देश के सभी राज्यों में बास्केटबाल का विकास हो रहा है। जितनी भी सबजूनियर, जूनियर और सीनियर नेशनल की स्पर्धाएं होती हैं सभी में से 25-25 खिलाड़ियों का चयन कोचिंग कैंप के लिए किया जाता है। चीफ नेशनल कोच ने बताया कि 2011 में सीनियर एशियन महिला-पुरुष के अलावा अंडर-16 एशियन के लिए अप्रैल माह में तैयारियां प्रारंभ हो जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में किसी भी खेल में एक खिलाड़ी किसी विशेष पोजीशन में मिलता है लेकिन उस खिलाड़ी के उपलब्ध न होने पर हम दूसरा खिलाड़ी नहीं ला पाते। लेकिन चाइना जैसे देशों में एक ही पोजीशन पर खेलने वाले 100-100 खिलाड़ी होते हैं और चयन में ही दिक्कतें आ जाती हैं। ऐसा ही वातावरण यहां भी  चाहिए। उन्होंने कहा कि फेडरेशन कप बास्केटबाल के मुकाबले स्कूली बच्चों को दिखाना चाहिए।

10 फ़रवरी, 2011

जीत के साथ शुरू हुआ रोमांच





एक दिन छत्तीसगढ़ सभी खेलों में नबंर वन पर रहेगा : रमन सिंह

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन कराने की घोषणा ने गुरुवार को मूर्त रूप ले लिया। छत्तीसगढ़ की महिला टीम की विजयी शुरुआत के साथ 25वी फेडरेशन कप एमआईजी रिलायंस राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता को रोमांच शुरू हो गया। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया और कहा कि यह गौरवशाली क्षण है क्योंकि राजधानी के इनडोर स्टेडियम की यह पहली प्रतियोगिता है।
रायपुर। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इनडोर स्टेडियम में प्रतियोगिता का ध्वज फहराकर और उद्घाटन की घोषणा कर फेडरेशन कप बास्केटबाल का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम का काम काफी लंबे समय तक अटका हुआ था। हम भाग्यशाली हैं कि राष्ट्रीय स्पर्धा से इसका शुभारम्भ हो रहा है। डा. सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता से खेलों के वातावरण का निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ जिस तरह सभी क्षेत्रों में देश में नंबर वन पर है, उसी तरह आने वाले समय में सभी खेलों में नंबर वन पर रहेगा। इसके पूर्व समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि राज्य के लिए यह सुखद अवसर है कि इनडोर स्टेडियम के उद्घाटन के बाद इस प्रतियोगिता की शुरुआत  हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में असिमित खेल  प्रतिभाएं हैं जिन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य में लगातार खेलों का विकास हो रहा है। इसके पूर्व खेल संचालक जीपी सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इस प्रतियोगिता के आयोजन की घोषणा की थी। देशभर के खिलाड़ी खेल भावना का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे। खेल सचिव सुब्रत साहू ने इस प्रतियोगिता की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि छत्तीसगढ़ ने बास्केटबाल में राष्ट्रीय स्तर पर सबजूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में 65 नेशनल मेडल हासिल किए हैं। समारोह के विशेष अतिथि सांसद रमेश बैस, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पी जॉय उम्मेन, राज्य टेनिस संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया, भारतीय बास्केटबाल संघ के महासचिव हरीश शर्मा थे। छत्तीसगढ़ बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष राजीव जैन ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव बशीर अहमद खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा, राज्य बास्केटबाल संघ के सचिव राजेश पटेल, राज्य वालीबाल संघ के सचिव मो. अकरम खान, राज्य नेटबाल संघ के सचिव संजय शर्मा, राज्य स्क्वैश संघ के सचिव डा. विष्णु श्रीवास्तव सहित कई खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद थे। समारोह के बाद मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने मेजबान छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच महिला वर्ग में खेले गए उद्घाटन मैच का लुत्फ भी उठाया।
अब रमन कहलाएंगे खेल बाबा
भारतीय बास्केटबाल संघ के महासचिव हरीश शर्मा ने प्रदेश में खेलों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि डा. रमन सिंह को गरीबों वर्ग के लोग चाउर वाले बाबा कहते हैं लेकिन वे खेलों वाले बाबा भी हैं। उन्होंने कहा कि डा. सिंह ने छत्तीसगढ़ बास्केटबाल संघ को खुले हाथ से सहयोग किया है जो काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डा. सिंह को खेल प्रेमी खेलों वाले बाबा के नाम से जानें। झारखंड नेशनल गेम्स में जितना मेजबान झारखंड की सरकार नगद पुरस्कार दे रही है उतने ही नगद  पुरस्कार की घोषणा डा. सिंह ने की है। उन्होंने यह भी कहा कि इनडोर स्टेडियम काफी बेहतर बना है और इसे खेलों के लिए मुफ्त में देना चाहिए। इसके अलावा श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ के बास्केटबाल के खिलाड़ियों को सरकारी सेवा का मौका देने का भी अनुरोध किया।

मेजबान का विजय अभियान शुरू

तमिलनाडु को 82-52 हराकर जताए अपने मंसूबे
रायपुर। 25वीं फेडरेशन कप आईएमजी रिलायंस नेशनल बास्केटबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मेजबान छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने तमिलनाडु को हराकर जीत लिया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला टीम से पदक की उम्मीद की जा रही है। उद्घाटन मैच काफी रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। छत्तीसगढ़ ने 82-52 अंक से जीत हासिल कर ली। छत्तीसगढ की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एम पुष्पा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 30 अंक बनाए।
इस प्रतियोगिता  के लीग मुकाबले गुरुवार को सुबह 9 बजे से प्रारंभ हो गए। पहला मैच पुरुष वर्ग में केएसईबी केरल और इंडियन आर्मी के बीच खेला गया। यह मुकाबला खिताब की प्रबल दावेदार इंडियन आर्मी ने 75-49 अंकों से जीत लिया। इंडियन आर्मी के एन कुमार ने 18, जयराम ने 13 अंक बनाए। केरल के अजीत वीजी ने 14 और अजीत सुगुमन ने 8 अंक बनाए। दूसरे मैच में वेस्टर्न रेलवे ने हैदराबाद को एकतरफा 99-41 अंक से पराजित किया। इस मैच में वेस्टर्न रेलवे ने काफी बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। वेस्टर्न रेलवे के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विशेष  ने सर्वाधिक 17 अंक स्कोर किए। गगनदीप सिंग ने 17 अकं बनाए। हैदराबाद के सौम्या राजन ने 11 और एसटी मुरली कृष्णा ने 9 अंक बनाए। महिला वर्ग में पहला लीग मैच खिताब की दावेदार मानी जा रही दिल्ली और महाराष्ट्र के बीच खेला गया। यह मैच काफी   संघर्षपूर्ण रहा। दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रशांति सिंग के शानदार खेल की बदौलत दिल्ली ने इस मैच में 74-58 अंक से जीत हासिल कर ली। प्रशांति ने सर्वाधिक 21 अंक और रश्मित ने 20 अंक बनाए। महाराष्ट्र की अनामिका ने 15 और मनीषा ने 14 अंक का योगदान दिया। महिला वर्ग में दूसरा मैच केरल और कर्नाटक के बीच खेला गया। केरल ने कर्नाटक को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 57-50 अंक से पराजित किया। केरल की सोनिया जॉय ने सर्वाधिक 16 और लिजी मेथन ने 11 अंक बनाए। कर्नाटक की एलएफ सरिता ने 20 अंक और कृतिका ने 14 अंक का योगदान दिया।

प्रतिभएँ ग्रास रूट से खोजें





आगे बढ़ने के लिए विदेशी तकनीक अपनानी होगी : प्रशांति सिंग
रायपुर। चीन के ग्वांगझू में हाल ही में संपन्न हुए 23वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला बास्केटबाल टीम का नेतृत्व करने वाली देश की स्टार बास्केटबाल खिलाड़ी प्रशांति सिंग ने ग्रास रूट से प्रतिभाएं खोजने और उन्हें खेल सुविधाएं मुहैया कराने पर ज्यादा जोर दिया है।
प्रशांति राजधानी में गुरुवार से शुरू हुई 25वें फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता में दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। मूलत: वाराणसी की प्रशांति ने 2009 के वितयनाम की एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था। प्रशांति ग्वांगझू के एशियाई खेलों में भारतीय महिला टीम की कप्तान थीं। टीम ने पांचवा स्थान हासिल किया था जबकि पुरुष टीम 13वें स्थान पर थीं। प्रशांति ने यहां पत्रकारों चर्चा करते हुए कहा कि बास्केटबाल में फारेन की टीमें तकनीक के आधार पर नंबर वन पर हैं। वहां ग्रास रूट तक के खिलाड़ियों को इनडोर स्टेडियम की सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा हर खिलाड़ी वीडियो फुटेज देखकर अ•यास करता है और आगे बढ़ता है।  2003 में जूनियर इंडिया खेल चुकीं प्रशांति बताती हैं कि बास्कटेबाल में ट्रिपल एस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और यह जरूरी भी है। ट्रिपल एस मतलब स्टेमिना, स्ट्रैंथ और स्पीड। वे बताती हैं कि भारतीय टीम स्टेमिना और स्पीड में तो ठीक है लेकिन स्ट्रैंथ में हम पीछे रह जाते हैं। प्रशांति के घर में कुल पांच बहनें हैं और इनमें चार बहनें इंडिया टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। एमटीएनएल में कार्यरत प्रशांति के मुताबिक भारतीय बास्केटबाल फेडरेशन ने जब से खिलाड़ियों को ग्रेडिंग सिस्टम में लाया है तब से खिलाड़ियों को काफी आर्थिक सहायता मिलती है। खिलाड़ियों के लिए यह खेल  महंगा है और माता-पिता भी संकोच करते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं रहा है। सी ग्रेड में ही जूनियर खिलाड़ियों को काफी सुविधाएं मिल रही हैं जिससे वे  आगे बढ़ रहे हैं। प्रशांति का कहना है कि कामनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स जैसे खेलों की मेजबानी करने के बाद खिलाड़ियों को एक्सपोज मिल रहा है। लोग बास्कटेबाल को भी गंभीरता से ले रहे हैं और घरों में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह मीडिया का सपोर्ट भी है।

राजधानी को साई हास्टल जून में


श्री गोपालकृष्ण राजधानी में साईं हॉस्टल के लिए स्टेडियम का अवलोकन करते हुए.

श्री गोपालकृष्ण कल संचालक ज.प. सिंग से चर्चा करते हुए. 

100 बालकों से शुरू होगा हास्टल, मार्च में
 टेकओवर होगा आउटडोर स्टेडियम
रायपुर। राजधानी में प्रस्तावित भारतीय खेल प्राधिकरण का हास्टल इस साल जून में प्रारंभ होगा। इसके लिए आउटडोर स्टेडियम साई को मार्च माह में टेकओवर हो जाएगा। यह निर्णय भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक गोपालकृष्ण के राजधानी दौरे के बाद लिया गया। उन्होंने राजनांदगांव का भी दौरा किया। राजनांदगांव के साई सेंटर को विस्तृत किया जा रहा है।
भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक गोपालकृष्ण ने राजधानी में प्रस्तावित साई हास्टल के लिए आउटडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त ओपी चौधरी और साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक आरके नायडू ने उन्हें साई के साथ हुए एमओयू और खेल सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान खेल संचालक जीपी सिंह भी मौजूद थे। डीजी साई गोपालकृष्ण ने यह वादा किया कि जून माह में साई हास्टल प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके पहले मार्च माह में स्टेडियम टेकओवर कर लिया जाएगा जिससे फर्नीचर व अन्य सुविधाएं पूरी की जा सके व शेष मरम्मत कार्य को भी अंजाम दिया जा सके। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि साई हास्टल की शुरुआत 100 बालकों से की जाएगी जिन्हें चार खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें वालीबाल, जूडो, वेटलिफ्टिंग और फुटबाल शामिल है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में पहले से ही साई का सेंटर दिग्वजय स्टेडियम में चल रहा है। इस सेंटर को बड़ा करने के लिए नया सेंटर बनाने की योजना है। यहां भी चार खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें आरचरी, हाकी, फुटबाल शामिल हैं। वहां नया स्टेडियम बना है जिसे साई को देने का अनुरोध किया गया है। इससे 100 खिलाड़ियों के लिए नया सेंटर  प्रारंभ कर सकते हैं। राज्य सरकार द्वारा मुहैया कराई गई 15 एकड़ जमीन पर खेल की अधोसंरचनाओं के निर्माण को लेकर उन्होंने बताया कि इसमें करीब तीन साल लग जाएंगे। लेकिन साई शीघ्र ही यहां खेल की बुनियादी सुविधाओं का विकास करेगा। जशपुर में हाकी के साई सेंटर को लेकर उन्होंने बताया कि खेल संचालक जीपी सिंह ने उन्हें बेहतर योजना दी है और इस पर विचार किया जा रहा है। डीजी साई गोपालकृष्ण ने कहा कि इसके बाद बस्तर के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि उत्तर बस्तर और दक्षिण बस्तर में भी साई सेंटर हो जिससे पूरा राज्य कवर हो जाएगा और आने वाले समय में यहां से खेल की बेहतर प्रतिभाएं सामने आएंगी।
इनडोर भी मिल जाए तो लड़कियों को भी देंगे प्रशिक्षण
डीजी साई गोपालकृष्ण ने इनडरो स्टेडियम का भी अवलोकन किया। उन्होंन कहा कि यदि इनडोर स्टेडियम भी साई को दे दिया जाए तो यहां 50 बालिकाओं के लिए हास्टल खोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम का ज्यादातर उपयोग खेलों के लिए होना चाहिए। यदि सालभर स्पोर्ट्स की गतिविधियां यहां होती है तो खेलों के लिए इसे खुला रखना चाहिए।
स्थानीय प्रशिक्षकों को प्राथमिकता
भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक गोपालकृष्ण ने स्थानीय एनआईएस कोच को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव और रायपुर के साई सेंटर के लिए कुल आठ प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। रायपुर में जूडो व वेटलिफ्टिंग के कोच पहल्े से ही मौजूद हैं। वालीबाल के लिए एनआईएस कोच चंदर सिंह के नाम पर जोर दिया गया। उन्हें जब पत्रकारों ने बताया कि खेल विभाग में फुटबाल की एनआईएस कोच सरिता कुजूर पदस्थ हैं और उन्होंने कई राष्ट्रीय खिलाड़ी भी दिए हैं तो उन्होंने हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यदि खेल विभाग कोच देना चाहे तो वे इसके लिए तैयार हैं। इस  दौरान खेल संचालक जीपी सिंह ने भी यह बात स्वीकार कर ली। डीजी साई ने एक सवाल के जवाब में बताया कि हर साल करीब 450 एनआईएस कोच बनते हैं लेकिन इनमें से 50 या 60 कोच ही नियुक्त हो पाते  हैं। कोई राज्य सरकार की सेवा में रहता है तो कोई निजी संस्थानों में सेवा देता है।

09 फ़रवरी, 2011

खेल के लिए मुफ्त में दें स्टेडियम





  
इनडोर में राजनीतिक, धार्मिक और सामजिक कार्यक्रमों 
का विरोध करें : विद्याचरण शुक्ल
 पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल ने राजधानी के इनडोर स्टेडियम का बुधवार को अवलोकन किया। श्री शुक्ल ने इस दौरान न सिर्फ स्टेडियम में खामियां निकालीं बल्कि यह भी बताया कि स्टेडियम की पहली डिजाइन में कई खेलों का एक साथ आयोजन करने के लिए पार्टिशियन भी शामिल था। श्री शुक्ल ने यह भी कहा कि स्टेडियम को खेल संघों को मुफ्त में देना चाहिए। यहां सिर्फ खेल होने चाहिए और किसी भी तरह के राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का विरोध करना चाहिए।
रायपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल ने इनडोर स्टेडियम का अचानक अवलोकन किया। उन्होंने इंजीनियरों और निगम अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली। श्री शुक्ल को जब बताया गया कि यहां खेलों के अलावा धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी होंगे तो उन्होंने इस पर हैरानी जाहिर की और साफ  कहा कि मल्टी परपस न होकर सिर्फ मल्टी स्पोर्ट्स होना चाहिए। यदि स्टेडियम में धार्मिक, राजीनीतक और सामजिक कार्यक्रम होंगे तो इसे बनाने का  कोई औचित्य नहीं है। स्टेडिमय जल्द ही खराब हो जाएगा और खिलाड़ी भटकते रह जाएंगे। उन पर राजनीतिक दबाव  बढ़ेगा और वे खेल नहीं पाएंगे। यहां सिर्फ खेल के अलावा दूसरे आयोजन होने लग जाएंगे। उन्होंने बार-बार इस बात पर ज्यादा जोर दिया कि खेल के अलावा इनडोर स्टेडियम में कोई भी कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्टेडियम में काफी खामियां हैं। सबसे बड़ी बात तो यह भी है कि स्टेडियम को मल्टी स्पोर्ट्स नहीं बनाया गया है। यहां एक  बार में केवल एक ही इवेंट आयोजित किया जा सकता है। एक ही समय में कई खेलों का न तो अभ्यास हो सकता है और न ही खेल स्पर्धाएं। उनके कार्यकाल में इनडोर स्टेडियम की जो पहली डिजाइन बनाई गई थी उसमें इसका उपयोग कई खेलों के लिए एक साथ करने के प्रावधान बनाए गए थे और बाकायदा पार्टिशियन करने का भी उल्लेख था। पार्टिशियन  सिर्फ ग्राउंड लेबल पर नहीं बल्कि ऊपर से नीचे तक होना था और यह पार्टिशियन अस्थाई हो सकता था। उन्होंने दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां उन्होंने स्टेडियम के निर्माण के दौरान मल्टी स्पोर्ट्स की व्यवस्था कराई थी जिससे कई खेलों का एक ही समय में आयोजन हो सके। श्री शुक्ल ने कहा कि यदि यहां खेल के अलावा दूसरे कार्यक्रम होने लगें तो स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का मतलब ही नहीं रह जाएगा। स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में इनडोर, आउटडोर की व्यवस्था के साथ-साथ स्वीमिंग और जिम्नास्टिक जैसे खेलों की व्यव्स्था  करनी चाहिए। उन्होंने वुडन कोर्ट का  निरीक्षण किया और कहा कि इसमें यदि सिंथेटिक कोर्ट नहीं लगेगा तो वुडन का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। श्री शुक्ल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए  इस बात पर ज्यादा जोर दिया कि खेल संघों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लेना चाहिए और खेल के अलावा कोई दूसरे कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। श्री शुक्ल ने कहा कि नगर निगम और राज्य सरकार को मिलकर इनडोर स्टेडियम के लिए नियम बनाने चाहिए क्योंकि भविष्य में राज्य में 37वें नेशनल गेम्स का आयोजन किया जाना है और समय  कम रह गया है। इसकी तैयारियां प्रारभ कर देनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में 1982 के एशियन गेम्स के दौरान जितने भी स्टेडियम बने हैं उनका उपयोग सिर्फ खेलों के लिए ही होता है। एकमात्र तालकटोरा स्टेडियम को छोड़ दें। वहां कई दूसरे कार्यक्रम होते हैं क्योंकि वह मल्टीपरपस स्टेडियम है। राजधानी में भी एक मल्टी परपस स्टेडियम की जरूरत है जहां राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। इसके लिए नगर निगम और राज्य सरकार को मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका वे प्रस्ताव देते हैं।
पहले छोटा सा तालाब था यहां

राजधानी में इनडोर स्टेडियम के निर्माण में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल का अहम योगदान रहा है। हालांकि स्टेडियम के उद्घाटन समारोह में उन्हें भुला दिया गया था। इसे लेकर शुक्ल समर्थकों में असंतोष भी था। माना जाता है कि इन्हीं कारणों से श्री शुक्ल ने इनडोर स्टेडियम का बिना किसी सूचना के अचानक अवलोकन किया। बहरहाल श्री शुक्ल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि पहले यहां छोटा सा तालाब हुआ करता था। बाद में यह दलदल बन गया था। उस दौरान नगर निगम के पूर्व महापौर स्वर्गीय बलबीर जुनेजा से उन्होंने यहां के दलदल को पाटकर खेल मैदान बनाने का सुझाव दिया था। दलदल पाट दिया गया और फिर यहां स्पोर्ट्स काम्पलेक्स की नींव रखी गई।
वीसी ने की रमन की जमकर तारीफ
भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की जमकर तारीफ की और उनके छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने का स्वागत  किया। उन्होंने इसे जरूरी भी बताया। श्री शुक्ल  से जब छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के संबंध में सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं है। लेकिन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को अध्यक्ष बनाने से छत्तीसगढ़ में खेलों का काफी विकास होगा। डा. सिंह को अध्यक्ष बनाने का वे स्वागत  करते हैं और उन्हें अध्यक्ष रहना  चाहिए। डा. सिंह का सीओए का अध्यक्ष बनना तो काफी सुखद है क्योंकि इससे खेल गतिविधियों को पूरी ताकत मिलेगी। खेलों का विकास मुख्यमंत्री ही कर सकते हैं और दूसरा कोई नहीं।
आजीवन अध्यक्ष को वोटिंग पावर न दें

भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल ने भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्षों को वोट देने के अधिकार का विरोध भी किया और कहा कि आजीवन अध्यक्ष को वोटिंग पावर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ के दो ही आजीवन अध्यक्ष हैं और एक या दो वोट इधर-उधर होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। श्री शुक्ल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ ने भारतीय ओलंपिक संघ के संविधान में आंशिक संशोधन करने का निर्देश दिया है क्योंकि कुछ खामिया हैं। भारतीय ओलंपिक संघ के चुनाव में फेडरेशन को तीन वोट तो राज्य ओलंपिक संघ को दो वोट का अधिकार है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ ने राज्य ओलंपिक संघ के वोटिंग पावर खत्म करने की बात कही है और यह ठीक  है। राज्य ओलंपिक संघ में ज्यादातर पदाधिकारी राजनीति से जुड़े होते हैं और भारतीय ओलंपिक संघ में राजनीति-राजनीति का खेल न चले, इसलिए यह संशोधन जरूरी है।

चाहिए अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं







इनडोर स्टेडियम खिलाड़ियों और खेल संघों को राष्ट्रीय 
अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए मुफ्त में दें : हरीश शर्मा
 राजधानी में 12 फरवरी से शुरू हो रही 25वीं एमआईजी रिलायंस फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता के अवलोकन के लिए रायपुर पहुंचे •ाारतीय बास्केटबाल फेडरेशन के महासचिव हरीश शर्मा ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराने पर ज्यादा जोर दिया है। श्री शर्मा ने राजधानी के इनडोर स्टेडियम को छत्तीसगढ़ की सबसे अहम सौगात बताते हुए कहा है कि इसे खिलाड़ियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए मुफ्त में देना चाहिए। इससे खेल और खिलाड़ी दोनों का विकास होगा।
रायपुर। भारतीय बास्केटबाल संघ के महासचिव हरीश शर्मा ने यहां राजधानी के इनडोर स्टेडियम का अवलोकन किया और फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता के लिए कोर्ट निर्माण के लिए सहायता भी की। देश में बास्केटबाल जैसे खेलों को व्यावसायिक बनाने और खिलाड़ियों ग्रेडिंग सिस्टम के आधार पर आर्थिक सहायता मुहैया कराने में महत्वपूर्ण भूमिका  निभाने  वाले श्री शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा इनडोर स्टेडियम की काफी तारीफ की। उन्होंने वुडन फ्लोर को काफी बेहतर बताते हुए कहा कि इसमें अच्छी लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया है और यहां फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता का काफी बेहतर आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए इनडोर स्टेडियम सौगात है क्योंकि देश में राष्ट्रीय मापदंड के करीब 25 इनडोर स्टेडियम हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के भी करीब 15 स्टेडिमय हैं। श्री शर्मा ने कहा कि देश में अंतरराष्ट्रीय मापदंड के इनडोर स्टेडियम काफी कम हैं और खिलाड़ियों को जितनी ज्यादा बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी उतना वे आगे बढ़ेंगे। यदि ग्रास रूट के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराएं तो वे भी भारतीय टीम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि फेडरेशन लगातार प्रयासरत है देश में इस खेल की प्रगति के लिए और यही वजह है कि खिलाड़ियों को ग्रेडिंग सिस्टम के आधार पर आर्थिक सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि बास्केटबाल फेडरेशन ग्रास रूट पर स्कूल और कालेज लीग की स्पर्धाएं शहरों में प्रारं•ा कर चुका है। दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में लीग स्पर्धाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। बेंगलूर में शीघ्र यह प्रयोग प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा 2011 में चार और शहरों में ग्रास रूट पर यह प्रयोग किया जाएगा। देश के हर शहर में इस तरह के प्रयोग होंगे। इससे विजेता-उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख रुपए से लेकर 10 हजार रुपए की नगद पुरस्कार राशि दी जाती है जिससे स्कूल और कालेज में इस खेल की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि स्पर्धाएं यदि छह दिन में समाप्त हो जाएं तो इससे खिलाड़ी तैयार नहीं होते। लीग की स्पर्धाएं माह•ार चलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। राजधानी के इनडोर स्टेडियम की प्रतिदिन की करीब डेढ़ लाख रुपए की फीस को लेकर श्री शर्मा ने कहा कि इसे खिलाड़ियों के अभ्यास  के लिए मुफ्त में देना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की अधिकृत स्पर्धाओं के लिए भी खेल संघों से पैसे नहीं लेने चाहिए। खेल संघों के पास वैसे ही पैसे नहीं होते। उन्होंने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडिमय को लेकर बताया कि खेल संघों  से प्रतिदिन का करीब 10 हजार रुपए लिया जाता है और एसी का उपयोग करने पर 30 हजार रुपए लिए जाते हैं। उन्होंने इस बात का समर्थन किया कि खेल के अलावा यदि कोई राजनीतिक, सामाजिक या अन्य समारोह होता है तो उनसे डेढ़ लाख रुपए फीस ली जानी चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि कोई भी खेल संघ या फेडरेशन स्टेडियम का निर्माण नहीं कर सकता। बिना केंद्र सरकार या राज्य सरकार के सहयोग के खेलों की बुनियादी अधोसंरचनाओं का विकास नहीं किया जा सकता है। श्री शर्मा ने कहा कि रायपुर के खेल संघों से करीब तीन या चार हजार रुपए की फीस इनडोर स्टेडियम के लिए लेना चाहिए।
बास्केटबाल में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण उपलब्धि

भारतीय बास्केटबाल संघ के महासचिव हरीश शर्मा ने बास्केटबाल में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को काफी अहम बताया। उन्होंने कहा कि देश में आठ खिलाड़ियों का चयन अमेरिका में उच्च प्रशिक्षण के लिए किया गया जिनमें चार खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के हैं और चार देश के अन्य राज्यों के। पूरा छत्तीसगढ़ एक तरफ है और पूरा हिंदुस्तान एक तरफ। यह छत्तीसगढ़ की काफी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सीएम करेंगे फेडरेशन कप का उद्घाटन
खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि 25वीं फेडरेशन कप बास्केटबाल प्रतियोगिता का उदघाटन 10 फरवरी को शाम छह बजे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह करेंगे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक करेंगे। विशेष अतिथि सांसद रमेश बैस, गृहमंत्री ननकी राम कंवर, लोक निर्माण मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पंचायत मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री पुन्नुलाल मोहले, कृषि मंत्र चंद्रशेखर साहू, स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल, जल संसाधन मंत्री हेमचंद यादव, वन मंत्री विक्रम उसेंडी, नगरीय प्रशासन मंत्री राजेश मूरत  खेल मंत्री लता   उसेंडी, आदिमजाति मंत्री केदार कश्यप, वाणिज्य मंत्री दयालदास बघेल, विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल, नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे, विधायक देवजी भाई पटेल, नंदे साहू, कुलदीप जुनेजा, महापौर किरणमयी नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, सभापति संजय श्रीवास्तव, मुख्य सचिव पी जाय उम्मेन, पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन, साई सचिव गोपालकृष्ण, भारतीय बास्केटबाल संघ के सचिव हरीश शर्मा, बीएसपी प्रबंधक वीके अरोरा, क्षेत्रीय संचालक साई भोपाल आरके नायडू होंगे।

07 फ़रवरी, 2011

खिलाड़ियों के लिए खुला लाखों का खजाना








छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंग कीट प्रदान करते हुए. (सभी फोटो-दिनेश यदु)
झारखंड नेशनल गेम्स में पदक जीतकर लाना
 सबसे बड़ा सम्मान : डा. रमन सिंह
 अंतत: इन कयासों पर मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सोमवार को विराम लगा दिया कि झारखंड के 34वें नेशनल गेम्स में पदक जीतकर लाने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को कितना नगद पुरस्कार दिया जाएगा। डा. सिंह ने कामनवेल्थ गेम्स में पदक विजेताओं के लिए लाखों रुपए के नगद पुरस्कार की घोषणा की थी। एक बार फिर से उन्होंने खिलाड़ियों के लिए लाखों रुपए के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को झारखंड नेशनल गेम्स में हिस्सा लेने वाले प्रदेशभार के विभिन्न खेलों के 201 खिलाड़ियों को डा. रमन सिंह ने किट वितरित की। इस दौरान उन्होंने नेशनल गेम्स में टीम इवेंट और व्यक्तिगत खेलों के लिए अलग-अलग घोषणा की। घोषणा के तहत टीम गेम में स्वर्ण पदक जीतकर लाने वाली टीम को पांच लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह कोई टीम यदि रजत पदक हासिल करती है तो उसे तीन लाख रुपए का नगद पुरस्कार मिलेगा। कांस्य पदक हासिल करने वाली पूरी टीम को दो लाख रुपए का नगद पुरस्कार मिलेगा। व्यक्तिगत स्तर पर कोई खिलाड़ी यदि स्वर्ण पदक हासिल करता है तो उसे एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह रजत पदक  हासिल करने पर 75 हजार रुपए और कांस्य पदक हासिल करने पर 50 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इस घोषणा के दौरान छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के भी अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने कहा कि पदक और सम्मान से बढ़कर पैसा नहीं होता। पदक से पैसा छोटा होता है। पदक की पैसे से कीमत नहीं लगाई जा सकती। खिलाड़ियों का हौसला बढ़े इसलिए नगद पुरस्कार की घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी नेशनल गेम्म में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और पिछले नेशनल गेम्स से भी ज्यादा पदक हासिल करेंगे। उन्हें इस बात की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों का काफी अच्छा वातावरण निर्मित हुआ है। ब्लाक स्तर से लेकर जिला व राज्य स्तर पर भी तमाम खेलों के आयोजन हो रहे हैं। खुशी की बात यह भी है  कि छत्तीसगढ़ के दल में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर के शहरी खिलाड़ियों के अलावा बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ इलाकों के खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने यह  कहा कि उन्हें खुशी हो रही है कि नेशनल गेम्स में हिस्सा लेने वाले प्रदेशभर के खिलाड़ी उनके निवास पर आए हैं। वे पदक जीतकर लाएंगे तो भी उनका यहां स्वागत किया जाएगा और वे स्वागत करने तैयार रहेंगे। डा. सिंह ने यह भी  कहा कि खिलाड़ियों के गले में मेडल चमकेंगे तब लगेगा कि हमारी मेहनत सफल हो गई। डा. सिंह ने खेल सचिव सुब्रत साहू, खेल संचालक जीपी सिंह सहित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों और तमाम खेल संघों के पदाधिकारियों व खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। किट वितरण समारोह में खेल सचिव सुब्रत साहू ने कहा कि 34वें नेशनल गेम्स को लेकर खिलाड़ियों से बहुत सी उम्मीदें हैं और विशेष रूप से इस बात की उम्मीद ज्यादा है कि राज्य के खिलाड़ी पिछले नेशनल गेम्स से ज्यादा पदक हासिल करें। वे अधिक संख्या में खिलाड़ियों को पदक के साथ देखना चाहते हैं। खेल संचालक जीपी सिंह ने कहा कि पिछला इतिहास देखें तो पंजाब नेशनल गेम्स के बाद हैदराबाद और असम नेशनल गेम्म में भी, एक के बाद एक पदकों की संख्या बढ़ी है। इस बार की पूरी उम्मीद है कि पदकों की संख्या बढ़ेगी। श्री सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को किट में ट्रेक सूट, जूता, प्लेइंग किट, कैप के अलावा प्रशिक्षण शिविर की राशि और यात्रा भत्ता भी प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर और यात्रा भत्ता व यात्रा व्यय के लिए छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ को कुल 13 लाख 27 हजार 528 रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। समारोह में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव बशीर अहमद खान, कोषाध्यक्ष वै•ाव मिश्रा, राज्य ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा, राज्य वालीबाल संघ के अध्यक्ष गजराज पगारिया, सचिव मोहम्मद अकरम खान, राज्य नेटबाल संघ के सचिव संजय शर्मा, राज्य स्क्वैश संघ के सचिव डा. विष्णु श्रीवास्तव, राज्य जिम्नास्टिक संघ के अश्वनी महेंद्रु सहित तमाम खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद थे।
18 खेलों के 201 खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर


झारखंड नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ से कुल 18 खेलों के 201 खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। अधिकारी और डेलीगेशन मिलाकर कुल 260 खिलाड़ियों का दल प्रतिनिधित्व करेगा।  यह जानकारी छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव बशीर अहमद खान ने किट वितरण समारोह के दौरान बताई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 के पंजाब नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने तीन पदक हासिल किए थे। इसके बाद 2002 के हैदराबाद नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ को पांच पदक मिले थे। वर्ष 2007 के असम नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने छह पदक हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में पहला ऐसा राज्य  है जहां खिलाड़ियों को आर्थिक सुविधाएं काफी बेहतर  दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल गेम्स के कैंप के लिए ओलंपिक संघ को काफी पहले ही पैसा दिया गया था। लेकिन दो साल से नेशनल गेम्स स्थगित हो रहे थे। इससे ब्याज में मिले पैसों का भी सदुपयोग हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ रांची में ही नहीं बल्कि   छत्तीसगढ़ के 37वें नेशनल गेम्स में भी खिलाड़ी सर्वाधिक पदक हासिल करेंगे।
पहली नौकरी टेकलाल कुर्रे को

छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ठ खिलाड़ियों को नौकरी देने के प्रावधान के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में आरचरी के एनआईएस कोच टेकलाल कुर्रे को पहली नौकरी प्रदान की गई। टेकलाल कुर्रे उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए गए थे। उन्हें खेल विभाग में आरचरी का कोच नियुक्त किया गया है। इसके लिए नियुक्ति पत्र उनके पिता श्री कुर्रे को प्रदान किया गया। टेकलाल विशाखापटनम में सीनियर नेशनल आरचरी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।